Breaking
Sat. Sep 19th, 2026

जामताड़ा में साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, चार साइबर अपराधी गिरफ्तार, 13 मोबाइल और 2.20 लाख रुपये बरामद

जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, आठ एटीएम कार्ड, एक चेकबुक और 2 लाख 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के दुधघानी गांव में मनीष कुमार मंडल के घर पर छापामारी कर एक साइबर अपराधी को पकड़ा। इसके बाद जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव में सिद्धार्थ दत्त के घर पर छापामारी की गई, जहां से तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के लटैया निवासी 22 वर्षीय विकास मंडल, सोनबाद निवासी 20 वर्षीय देव दत्त, 19 वर्षीय जयदेव साहनी और 34 वर्षीय सिद्धार्थ दत्त के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी हरियाणा सिटी एवं अडानी गैस के उपभोक्ताओं को बिल अपडेट कराने के नाम पर उनके मोबाइल पर फर्जी एपीके फाइल भेजते थे। एपीके फाइल इंस्टॉल कराने के बाद मोबाइल में मौजूद गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की जाती थी। इसी तरह यूको बैंक समेत अन्य बैंकों के ग्राहकों को भी झांसे में लेकर फर्जी एपीके डाउनलोड कराया जाता था और इसके जरिए बैंकिंग एवं अन्य संवेदनशील जानकारी हासिल की जाती थी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का साइबर अपराध का नेटवर्क मुख्य रूप से देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था। मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 59/26, दिनांक 19 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं, आईटी एक्ट तथा टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

छापामारी अभियान में साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक अनिल अभिषेक, पुलिस निरीक्षक अमित कुमार तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस अब बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की जांच कर आरोपियों के नेटवर्क और साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों का पता लगाने में जुटी है।

Related Post