जमशेदपुर। मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर साकची स्थित पुराना कोर्ट परिसर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान परविंदर सिंह ने बाबा साहेब के जीवन और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि वे केवल भारतीय संविधान के निर्माता ही नहीं थे, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों के सशक्त प्रतीक भी थे। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया, जिसके कारण आज भी उनके विचार समाज को दिशा देने का काम करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहेब का सपना एक ऐसे भारत का निर्माण करना था, जहां हर व्यक्ति को समान अधिकार और अवसर प्राप्त हो। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में व्याप्त भेदभाव और असमानता को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि शिक्षा, संगठन और संघर्ष के सिद्धांतों को अपनाकर एक समरस और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब को नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर जिला और प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की।

