Breaking
Wed. Apr 15th, 2026

स्थानीय रोजगार को लेकर टाटा मोटर्स गेट पर उबाल, बंटी सिंह गुट का जोरदार प्रदर्शन, कामकाज प्रभावित

जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र स्थित टाटा मोटर्स के मुख्य गेट पर मंगलवार को स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग को लेकर बंटी सिंह गुट ने अचानक प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शनकारियों ने गेट जाम कर दिया, जिससे कंपनी के अंदर-बाहर अफरा-तफरी मच गई और उत्पादन कार्य पर प्रभावित हो गया।

गेट जाम के कारण बी शिफ्ट के कर्मचारी अंदर प्रवेश नहीं कर सके, जबकि ए शिफ्ट के कर्मी ड्यूटी समाप्त होने के बाद बाहर नहीं निकल पाए। सैकड़ों कर्मचारी गेट पर फंसे रहे, जिससे कंपनी की कार्यप्रणाली पर सीधा असर पड़ा। प्रदर्शन के दौरान “बंटी सिंह जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे और बड़ी संख्या में समर्थक मौके पर डटे रहे।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बंटी सिंह ने कंपनी प्रबंधन और यूनियन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि स्थानीय युवाओं और कर्मचारियों के बच्चों को रोजगार से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक स्थानीय लोगों को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी, आंदोलन जारी रहेगा।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए टेल्को और गोविंदपुर थाना की पुलिस के साथ बड़ी संख्या में क्यूआरटी टीम को तैनात किया गया। प्रशासन ने वार्ता के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया था।

टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं कंपनी प्रबंधन की ओर से किसी भी तरह का बयान नहीं आया है।

Related Post