Breaking
Mon. Apr 13th, 2026

टाटानगर में ट्रेनों को समय पर चलाने का दावा, एरिया मैनेजर ने सरयू राय को दी जानकारी

जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर चल रही शिकायतों के बीच सोमवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के निर्देश पर एरिया मैनेजर ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से मुलाकात की। इस दौरान एरिया मैनेजर ने बताया कि रेल प्रशासन यात्री ट्रेनों को समय पर चलाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है और हाल के दिनों में इसमें सुधार भी देखा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही ट्रेनों की लेटलतीफी की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।यह जानकारी विधायक सरयू राय ने दी।

एरिया मैनेजर ने सरयू राय को एक चार्ट भी सौंपा, जिसमें करीब 13 यात्री ट्रेनों के टाटानगर से समय पर खुलने और कुछ के समय पर पहुंचने का विवरण शामिल है। इसमें साउथ बिहार एक्सप्रेस, टाटा-थावे और स्टील एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का उल्लेख किया गया है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि हाल के दिनों में चक्रधरपुर मंडल में मालगाड़ियों के परिचालन में लगभग दो प्रतिशत की कमी की गई है, ताकि यात्री ट्रेनों को प्राथमिकता देकर समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

इस पर सरयू राय ने स्पष्ट कहा कि आंकड़ों से ज्यादा महत्वपूर्ण यात्रियों की सुविधा है। आम लोगों की अपेक्षा सिर्फ इतनी है कि ट्रेनें समय पर आएं और जाएं। उन्होंने दोहराया कि उनका संघर्ष रेल प्रशासन के खिलाफ नहीं, बल्कि यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी खत्म करने के लिए है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर सामने आ रहे देरी के मामलों का जिक्र करते हुए रेल प्रशासन से पारदर्शिता बरतने और प्रतिदिन ट्रेनों के संचालन की रिपोर्ट जारी करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी।

Related Post