रांची। तीन दिवसीय छठा इमेजिंग एक्सपो 2026 रविवार, 12 अप्रैल को उत्साह और उल्लास के माहौल में संपन्न हो गया। समापन के साथ ही आयोजकों ने सातवें इमेजिंग एक्सपो की घोषणा भी की, जिससे प्रतिभागियों और दर्शकों में नया उत्साह देखने को मिला। अंतिम दिन एक्सपो परिसर में भारी भीड़ उमड़ी और दिनभर आयोजन स्थल पर कला, तकनीक और रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद महुआ मांझी उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जेपीएससी एक्सपो कमेटी के अध्यक्ष बिरजू कुमार और जेपीएसी (JPAC) के अध्यक्ष बापी घोषाल ने उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त छायाकारों और पत्रकारों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के छायाकार नरेश अग्रवाल (जमशेदपुर) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही झारखंड मंत्र के पत्रकार सईद रमीज़, दैनिक भास्कर के संदीप नाग और हेमंत कुमार, दैनिक जागरण के संजय सुमन और मनोरंजन, तथा पत्रकार उदय सिंह को भी उनके योगदान के लिए अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा रामगढ़ के वरिष्ठ छायाकार बादल श्रीवास्तव, हजारीबाग के कृष्ण गुप्ता, चांडिल के सुमंगल कुंडू और रांची एक्सप्रेस के वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण गुप्ता को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में JPAC की सभी 17 जिला इकाइयों के पदाधिकारियों और वरिष्ठ सदस्यों को भी मंच पर सम्मानित किया गया, जिससे संगठनात्मक एकता और सहयोग की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। समापन समारोह में आयोजित फैशन शो आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें नामी-गिरामी मॉडल्स ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इमेजिंग एक्सपो 2026 का मुख्य आकर्षण रही फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। वेडिंग पोर्ट्रेट श्रेणी में दुमका के बलवंत सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जामताड़ा के रोहित गुप्ता द्वितीय और जमशेदपुर के सानू सिंह तृतीय स्थान पर रहे। जर्नलिज्म कैटेगरी में कोलकाता के सांतनु बोस प्रथम, धनबाद के चंदन पाल द्वितीय और पाकुड़ के पिटृरसन बासकी तृतीय स्थान पर रहे।
वेडिंग कैंडिड श्रेणी में धनबाद के पुरुषोत्तम कुमार ने पहला स्थान हासिल किया, वहीं विवेक कुमार द्वितीय और केदारनाथ पाल (दुमका) तृतीय स्थान पर रहे। “हमारा झारखंड” श्रेणी में दुमका के अंकित कुमार प्रथम, साहेबगंज के अभिषेक कुमार द्वितीय और जमशेदपुर के शुभम सुर्वे तृतीय स्थान पर रहे।
सभी विजेताओं को क्रमशः 5100, 3100 और 2100 रुपये की नकद राशि, प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के सफल समापन के बाद आयोजकों ने उम्मीद जताई कि आने वाला सातवां इमेजिंग एक्सपो और भी भव्य एवं व्यापक होगा, जिसमें नई तकनीकों और प्रतिभाओं को और बड़ा मंच मिलेगा।

