चतरा: चतरा पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। लावालौंग थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये मूल्य के प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किए हैं। एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर सिमरिया एसडीपीओ शुभम कुमार खंडेलवाल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की। पुलिस ने विभिन्न ठिकानों से लगभग 17 किलो गीला अफीम, 297 किलो डोडा, पोस्ता दाना और गांजा जब्त किया है। इसके साथ ही तस्करों के पास से 3 लाख 11 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और कई पहचान पत्र भी बरामद हुए हैं।छापेमारी के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे। फरार तस्करों में बूढ़ी गांव के तीन सगे भाई—मनोज गंझू, बबलू गंझू और कमलेश गंझू समेत अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस इन सभी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने सख्त लहजे में कहा कि जिले में अवैध अफीम और मादक पदार्थों का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस तस्करों की कमर तोड़ने के लिए अभियान जारी रखेगी और जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

