Breaking
Sat. Apr 11th, 2026

नोवामुंडी में पार्सल से चोरी हुए छह मोबाइल बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में पार्सल वितरण के दौरान चोरी हुए छह मोबाइल फोन को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

शनिवार को नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह बताया कि जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के दीपासाई निवासी 22 वर्षीय अमरजीत कुमार, पिता सघुनाथ कुमार ने लिखित आवेदन देकर बताया कि पार्सल वितरण के दौरान उनके बैग से छह मोबाइल फोन चोरी हो गए थे। शिकायत के आधार पर नोवामुंडी थाना में 10 अप्रैल 2026 को कांड संख्या 12/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष छापामारी दल का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुख्य आरोपी ललित दास चोरी किए गए मोबाइल फोन को बाजार में बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम नोवामुंडी बाजार पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान ललित दास ने अपने पास एक मोबाइल होने की बात स्वीकार की। मोबाइल के आईएमईआई नंबर का मिलान करने पर वह चोरी का पाया गया। इसके बाद कड़ी पूछताछ में उसने खुलासा किया कि बाकी मोबाइल उसके घर पर रखे हैं, जबकि दो मोबाइल उज्जवल रोहित एक्का उर्फ हीरु और एक मोबाइल कुंदन रजक के पास है।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों स्थानों पर छापेमारी कर कुल छह मोबाइल फोन बरामद कर लिए। गिरफ्तार आरोपियों में ललित दास (24 वर्ष), पिता गोपाल दास, निवासी पचाईसाई तोडेतोपा; कुंदन रजक, पिता बजरंगी रजक, निवासी कोल्हान हटिंग, नोवामुंडी; तथा उज्जवल रोहित एक्का उर्फ हीरु (34 वर्ष), पिता स्वर्गीय रंजीत एक्का, निवासी क्यू नंबर-101, नोवाग्रीन हेरिटेज, नोवामुंडी शामिल हैं।

बरामद मोबाइल फोन में चार वीवो टी4 लाइफ पाँच जी तथा दो मोटरोला एज साठ फ्यूजन पाँच जी शामिल हैं। सभी मोबाइल के आईएमईआई नंबर का मिलान कर पुष्टि की गई है।

इस पूरी कार्रवाई में नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक पूर्णिमा कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक अखिलेश सिंह तथा जैप-09 के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Related Post