Breaking
Sat. Apr 11th, 2026

अम्बेडकर जयंती पर चाईबासा में भव्य आयोजन, समाजसेवियों को किया जाएगा सम्मानित

चाईबासा: संविधान निर्माता भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को चाईबासा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। अम्बेडकर जयंती आयोजन समिति, कोल्हान की ओर से ताम्बो चौक (तमाड़बांध) में इस समारोह की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।

समिति ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली है। इस अवसर पर बहुजन समाज के लोगों द्वारा पूरे शहर में एक विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली में कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। समिति ने सभी से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

बाइक रैली सुबह 10 बजे शुरू होगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर चाईबासा शहर का भ्रमण करेंगे और बाबा साहेब के विचारों का प्रचार-प्रसार करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे से ताम्बो चौक में मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

मंचीय कार्यक्रम के दौरान समाज में उत्कृष्ट और अनुकरणीय योगदान देने वाले लोगों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें आंबेडकर समता पुरस्कार, मरांग गोमके गौरव पुरस्कार, पेरियार आत्मसम्मान पुरस्कार, ज्योतिबा-सावित्री प्रकाश पुरस्कार और बिरसा संघर्ष पुरस्कार शामिल हैं। इन पुरस्कारों के माध्यम से समाज में निःस्वार्थ और निरंतर कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य है।

कार्यक्रम में बहुजन समाज के महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और योगदान पर आधारित गीत-संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी होंगी, ताकि उनके विचारों को आमजन तक पहुँचाया जा सके।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अध्यक्ष नारायण कांडेयंग, सचिव साधु हो, रिपांजल लकड़ा, विजय गोप, मौसम राम, बासिल हेंब्रम, विष्णु मिंज, संतोष दास, चिंटू राम रवि, उषा रानी सवैयां और लक्ष्मी सवैंयां सहित अन्य सदस्यों ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

Related Post