Breaking
Sat. Apr 11th, 2026

चाईबासा ब्लड बैंक निष्क्रिय, मरीजों को हो रही भारी परेशानी: सुनील प्रसाद साव*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में इन दिनों मरीजों के लिए रक्त की कमी एक गंभीर समस्या बनती जा रही है।

चाईबासा सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक के लंबे समय से निष्क्रिय रहने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले को लेकर शहर के समाजसेवी सुनील प्रसाद साव ने गहरी चिंता जताई है।

सुनील प्रसाद साव ने कहा कि जिस तरह गर्मी के दिनों में पानी के लिए लोगों के बीच हाहाकार मच जाता है, उसी तरह वर्तमान समय में जिले में रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों के लिए संकट की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर 2025 को थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाने का मामला सामने आया था, जिसमें पांच बच्चे पॉजिटिव पाए गए थे। इस घटना के बाद से ही चाईबासा का ब्लड बैंक पूरी तरह निष्क्रिय हो गया है, जिसका खामियाजा आज पूरे जिले के मरीज भुगत रहे हैं।

उन्होंने आगे बताया कि ब्लड बैंक का रिन्यूअल अब तक नहीं हो पाया है, जिसके कारण वहां मौजूद रक्त जांच मशीन काम नहीं कर रही है। ऐसी स्थिति में यहां से लिए गए रक्त के नमूनों को जांच के लिए जमशेदपुर भेजना पड़ता है। जांच प्रक्रिया में काफी समय लग जाता है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता और उनकी स्थिति गंभीर हो जाती है।

सुनील प्रसाद साव ने कहा कि सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों और गरीब वर्ग के लोगों को उठानी पड़ रही है। जिन्हें भी रक्त की आवश्यकता होती है, उन्हें मजबूरी में जमशेदपुर जाना पड़ता है, जिससे उनके ऊपर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। कई बार समय पर रक्त नहीं मिलने के कारण मरीजों की हालत और बिगड़ जाती है।

उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल कुछ लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे जिले के आम और खास सभी वर्ग इससे प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने उपायुक्त सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नगर परिषद अध्यक्ष, विधायक और सांसद से इस गंभीर मुद्दे पर ध्यान देने और जल्द समाधान करने की अपील की है।

सुनील प्रसाद साव ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस मामले में शीघ्र संज्ञान लेंगे और चाईबासा का ब्लड बैंक फिर से सक्रिय किया जाएगा, ताकि स्थानीय मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Post