Breaking
Thu. Oct 8th, 2026

अंबेडकर जयंती पर चाईबासा सदर अस्पताल में रक्तदान की अपील, समाजसेवी सिद्धार्थ होनहागा ने किया आह्वान

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल चाईबासा में इन दिनों रक्त की कमी के कारण मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सह समाजसेवी सिद्धार्थ होनहागा ने जिले के युवाओं से आगे आकर रक्तदान करने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को हर महीने नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। इसके अलावा प्रसव के दौरान गर्भवती महिलाओं तथा सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों के लिए भी रक्त बेहद जरूरी होता है। रक्त की कमी के कारण कई बार मरीजों और उनके परिजनों को इधर-उधर भटकना पड़ता है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है।

सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के स्वस्थ युवक-युवतियों को स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से 14 अप्रैल 2026 को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर सदर अस्पताल चाईबासा में आयोजित रक्तदान कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की है।

उन्होंने यह भी कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है, जिससे किसी की जान बचाई जा सकती है। “रक्तदान, महादान, जीवनदान” का संदेश देते हुए उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों और आम लोगों से इस अभियान में सहयोग करने की बात कही।

समाजसेवी सिद्धार्थ होनहागा ने विश्वास जताया कि यदि जिले के लोग एकजुट होकर रक्तदान करेंगे, तो भविष्य में किसी भी मरीज को रक्त की कमी से जूझना नहीं पड़ेगा और कई जिंदगियां बचाई जा सकती है।

Related Post