Breaking
Fri. Apr 10th, 2026

*घरेलू विवाद में युवक ने की आत्महत्या, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत कोकचो गांव में घरेलू विवाद के बाद एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय हरिचरण जोंको (पिता– बुरुंडा जोंको) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिचरण जोंको मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार सुबह उसकी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

विवाद के बाद वह घर से निकल गया। कुछ देर बाद वह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर हेसाडीह फुटबॉल मैदान के पास स्थित एक कुएं के समीप पहुंचा और रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की जानकारी तब हुई जब आसपास के ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी। इसके बाद तत्काल गांव के मुंडा को सूचना दी गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें तीन बेटे और एक बेटी शामिल हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने बताया कि हरिचरण एक मेहनती और शांत स्वभाव का व्यक्ति था। अचानक उठाए गए इस कदम से सभी स्तब्ध हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Post