*रांची :* रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के सदाबहार चौक में चोरी की घटना सामने आई है। यहां मनोज लॉन्ड्री नाम की दुकान का दरवाजा तोड़कर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। दुकान संचालक मनोज बैठा ने इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि बुधवार रात वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चला गया था, लेकिन सुबह जब पहुंचा तो नजारा बदल चुका था।
*सुबह खुला चोरी का राज*
गुरुवार सुबह दुकान पहुंचते ही मनोज ने देखा कि दरवाजा टूटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। यह देखते ही उसे चोरी का अंदेशा हुआ। आसपास के लोगों को जानकारी दी गई और फिर पुलिस को सूचित किया गया।
*नकद और सोने का लॉकेट ले उड़े चोर*
चोर दुकान से करीब 20 हजार रुपये नकद और करीब 5 ग्राम का सोने का ‘ऊं’ लिखा लॉकेट लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि उसने हाल ही में जमीन खरीदी थी और जमीन मालिक को देने के लिए पैसे दुकान में रखे थे, जो चोरी हो गए।
*इलाके में बढ़ रही चोरी की घटनाएं*
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। दो दिन पहले भी सदाबहार चौक के पास एक बेकरी दुकान के बाहर रखे फ्रिज का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 10 हजार रुपये के कोल्डड्रिंक और अन्य सामान चुरा लिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरों का सुराग मिल सके।

