जमशेदपुर/गम्हरिया: सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) के प्रतिनिधिमंडल ने आज गम्हरिया स्थित GAIL Gas Limited के कार्यालय में कंपनी के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर औद्योगिक गैस आपूर्ति, PNG कनेक्शन एवं नेटवर्क विस्तार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
गेल गैस लिमिटेड की ओर से डीजीएम श्री अंशुमान तिग्गा, इंडस्ट्रियल ऑपरेशन मैनेजर श्री राहुल जी एवं श्री आशुतोष जी उपस्थित रहे, जबकि SCCI की ओर से अध्यक्ष श्री मानव केडिया, इंडस्ट्री वाइस प्रेसिडेंट श्री हर्ष बक्रेवाल एवं सचिव श्री विनोद शर्मा ने भाग लिया।
बैठक में कंपनी ने जानकारी दी कि गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र के द्वितीय, चतुर्थ, छठा एवं सातवां फेज, बड़े सेक्टर के कुछ हिस्सों तथा ऑटो क्लस्टर के पीछे गैस वितरण नेटवर्क स्थापित किया जा चुका है। जिन क्षेत्रों में नेटवर्क उपलब्ध है, वहां नए PNG कनेक्शन देने में लगभग 2 से 3 माह का समय लग रहा है, जबकि जिन क्षेत्रों में नेटवर्क नहीं है, वहां उद्योगों से मांग मिलने पर विस्तार की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
कंपनी ने स्पष्ट किया कि नेटवर्क विस्तार पूरी तरह मांग पर आधारित है। पहले कुछ फेजों में मांग नहीं होने के कारण नेटवर्क नहीं बनाया गया था, लेकिन अब बढ़ती औद्योगिक जरूरतों को देखते हुए भूमि उपलब्धता एवं GRDA नियमों के अनुरूप तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
तकनीकी चर्चा के दौरान PNG गैस के उपयोग से जुड़ी चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श हुआ। विशेष रूप से, बर्नर परिवर्तन की आवश्यकता तथा पाइपलाइन में लगभग 3 बार दबाव के मुकाबले कटिंग एवं फैब्रिकेशन कार्यों के लिए 15 बार दबाव की आवश्यकता जैसे मुद्दे सामने आए। कंपनी ने बताया कि अब तक कई औद्योगिक इकाइयों को सफलतापूर्वक कनेक्शन दिया जा चुका है तथा 15 से 20 नए आवेदन लंबित हैं।
वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे युद्ध जैसे हालात के मद्देनज़र ऊर्जा आपूर्ति की स्थिरता और आत्मनिर्भरता का महत्व और बढ़ गया है। ऐसी स्थिति में स्थानीय स्तर पर विश्वसनीय गैस नेटवर्क का विस्तार उद्योगों के लिए अत्यंत आवश्यक हो जाता है, ताकि उत्पादन प्रभावित न हो और आपूर्ति श्रृंखला सुचारु बनी रहे।
इस अवसर पर SCCI अध्यक्ष श्री मानव केडिया ने कहा,
“औद्योगिक विकास के लिए सुलभ, किफायती और विश्वसनीय गैस आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान वैश्विक अस्थिरता को देखते हुए यह और भी जरूरी हो जाता है कि स्थानीय स्तर पर मजबूत गैस इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाए। हम गेल गैस लिमिटेड से अपेक्षा करते हैं कि वे नेटवर्क विस्तार की प्रक्रिया को और तेज करें, ताकि अधिक से अधिक उद्योगों को PNG कनेक्शन का लाभ मिल सके। साथ ही, कटिंग एवं फैब्रिकेशन जैसे कार्यों में PNG के प्रभावी उपयोग हेतु तकनीकी समाधान विकसित करना भी समय की मांग है। SCCI इस दिशा में हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
बैठक के अंत में SCCI प्रतिनिधिमंडल ने कंपनी से नेटवर्क विस्तार में तेजी लाने का आग्रह किया और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप समुचित समाधान उपलब्ध कराने पर बल दिया।

