ईशा केसरी की शानदार बल्लेबाजी (नाबाद 90 रन) की बदौलत गत वर्ष की चैंपियन टीम राँची ने सिमडेगा को ग्रुप लीग के अंतिम मुकाबले में 41 रनों से पराजित कर सुपर डिवीजन में अपना स्थान पक्का कर लिया। हलांकि आज के पराजय के बावजूद सिमडेगा की टीम भी ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहने के कारण सुपर डिवीजन के लिए क्वालीफाई कर गई है।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राँची की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 146 रनों का स्कोर खड़ा किया। राँची की ओर से पारी की शुरुआत करने आई ईशा केसरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 57 गेंदों पर पंद्रह चौके की मदद से 90 रन बनाए और अंत तक आउट नहीं हुई। प्रिया कुमारी ने 20, कप्तान मेघा कुमारी ने 14 तथा कुमारी पलक ने नाबाद 13 रनों का योगदान दिया। सिमडेगा की ओर से कप्तान सोनिया, एलिना खान एवं पिंकी बडियाकर को एक-एक सफलता हाथ लगी।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिमडेगा की टीम पूरे बीस ओवर खेलकर पाँच विकेट के नुकसान पर 106 रन ही बना पाई और 41 रनों से मैच गंवा बैठी। सिमडेगा की ओर से आरुषी गोदियाल ने सर्वाधिक 30 रन बनाए जबकि संध्या कुमारी ने 30 तथा प्रीति शर्मा ने 18 रनों की पारी खेली। राँची की ओर से आरती कुमारी ने 15 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। शम्पी कुमारी एवं कुमारी पलक को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ।
कल विश्राम का दिन है। परसों यानि 11 अप्रैल से सुपर डिवीजन के मुकाबले प्रारंभ होंगे। चाईबासा में खेले जाने वाले सुपर डिवीजन के मैच इस प्रकार हैं :-
11 अप्रैल – राँची बनाम पश्चिमी सिंहभूम
12 अप्रैल – राँची बनाम रामगढ़
13 अप्रैल – पश्चिमी सिंहभूम बनाम रामगढ़
सुपर डिवीजन की समाप्ति के बाद इस प्रतियोगिता का फाईनल मैच 15 अप्रैल को खेला जाएगा।

