Breaking
Thu. Apr 9th, 2026

भुइयांडीह में तेज रफ्तार चेसिस ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत**

जमशेदपुर। सितारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भुइयांडीह में गुरुवार शाम करीब 3:45 बजे एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार भारी वाहन (चेसिस) ने अचानक संतुलन बिगड़ने के बाद युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि वाहन का पिछला पहिया युवक के सिर को कुचलता हुआ गुजर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान मानगो के जवाहर नगर रोड नंबर 4 निवासी सुदीव्य रॉय के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सुदीव्य किसी काम से भुइयांडीह क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सितारामडेरा थाना की टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है, जो बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाई गई।

हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। इस संबंध में अज्ञात चेसिस चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और परिचित मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।

सितारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही फरार वाहन और चालक को चिन्हित कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Related Post