Breaking
Sun. Apr 12th, 2026

ऑपरेशन “NARCOS” के तहत हटिया स्टेशन से 16.9 किलो गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार

रांची। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन NARCOS” के तहत हटिया रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 16.9 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। इस दौरान एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया।

कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में रांची रेल मंडल में RPF और CIB की संयुक्त टीम लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में RPF पोस्ट हटिया की टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर फुट ओवर ब्रिज के नीचे एक संदिग्ध युवक को ट्रॉली बैग के साथ बैठे देखा। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम विशाल पुरकायत (25) बताया, जो जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के महराटोली का निवासी है।

संदेह गहराने पर जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो एक नीले और एक काले रंग के ट्रॉली बैग से कुल तीन पैकेट बरामद हुए। डीडी किट से जांच में इन पैकेटों में गांजा होने की पुष्टि हुई। वजन करने पर कुल 16.9 किलोग्राम गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8.45 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह धुर्वा निवासी समेथी नामक व्यक्ति के कहने पर 4 अप्रैल को बस से रांची से अंगुल गया था। वहां दो दिन ठहरने के बाद 7 अप्रैल को एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे दो ट्रॉली बैग सौंपे। इसके बाद वह ट्रेन संख्या 18403 एक्सप्रेस से सामान्य डिब्बे में सवार होकर हटिया पहुंचा, जहां RPF की टीम ने उसे पकड़ लिया।

आरोपी के पास से बरामद मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी और जब्त गांजा को GRPS हटिया के सुपुर्द कर दिया गया है। इस मामले में NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) और 29 के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस अभियान में RPF और CIB की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें LSI रीता कुमारी, कांस्टेबल अमरेश कुमार, ASI अनिल कुमार, आर. के. सिंह और अरविंद कुमार यादव शामिल थे।

Related Post