Breaking
Wed. Apr 8th, 2026

डकैती की साजिश रच रहे चार अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद 

जमशेदपुर। शहर में अपराध पर लगाम कसने के क्रम में परसुडीह थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए डकैती की योजना बना रहे चार कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भूमिज टोला गदड़ा स्थित एक प्राथमिक विद्यालय के पास कुछ संदिग्ध लोग इकट्ठा होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और मौके से रोशन सिंह उर्फ पाका, रोशन कुमार उर्फ गोलू बंगाली, आजाद पाल उर्फ बॉबी पॉल और शिवनारायण रजक उर्फ चीतू को दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और अलग-अलग कंपनियों के तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल अपराध की योजना बनाने में किया जा रहा था।

पुलिस की इस सक्रियता से शहर में होने वाली एक संभावित बड़ी वारदात टल गई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी किसी बड़े घर या प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की तैयारी में थे। गिरफ्तार किए गए सभी अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और इनके खिलाफ परसुडीह, गोविंदपुर, पोटका और टेल्को थाना क्षेत्रों में चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

पूरे मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी कुमार शिवा आशीष ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Related Post