चाईबासा: उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी चन्दन कुमार की अध्यक्षता में जनगणना 2027 के तहत मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य के लिए फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 8 अप्रैल 2026 से अनुमंडल सभागार, सदर चाईबासा में शुरू हुआ।
प्रशिक्षण जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर सुनीला खलखो (जिला आपूर्ति पदाधिकारी) और फ्रांसिस कुजूर (जिला सांख्यिकी पदाधिकारी) द्वारा दिया जा रहा है। कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय, रांची से जिला पर्यवेक्षण एवं समन्वय के लिए आए दीपक कुमार (सांख्यिकीय अन्वेषक ग्रेड-1) भी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण दो बैचों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक बैच में 30 प्रतिभागी शामिल हैं। पहला बैच 8 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026 तक और दूसरा बैच 11 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक चलेगा।
उपायुक्त चन्दन कुमार ने प्रथम सत्र के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसके आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने में फील्ड ट्रेनरों की अहम भूमिका होगी। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने जनगणना के प्रथम चरण के तहत मकानसूचीकरण से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
दीपक कुमार ने बताया कि इस बार की जनगणना डिजिटल माध्यम से होगी, इसलिए सभी फील्ड ट्रेनरों को इसकी प्रक्रिया और तैयारी को अच्छी तरह समझना आवश्यक है। जिला जनगणना पदाधिकारी ने जानकारी दी कि डिजिटल जनगणना के तहत प्रगणक और पर्यवेक्षक मोबाइल के माध्यम से डेटा संग्रह करेंगे, जिसके लिए तकनीकी दक्षता जरूरी है।
प्रशिक्षण के दौरान सुमित हांसदा, हरिश्चन्द्र सामड, संजय जारीका, बिमल किशोर बोयपाई और विष्णु पुरती ने सहयोग करते हुए फील्ड ट्रेनरों को मोबाइल ऐप के उपयोग, मकानों की नंबरिंग, एचएलओ फॉर्म भरने और डेटा संग्रहण की प्रक्रिया की जानकारी दी।
कार्यक्रम में अपर उपायुक्त पश्चिम सिंहभूम, अनुमंडल पदाधिकारी सदर चाईबासा और जगन्नाथपुर, मास्टर ट्रेनर सुनीला खलखो, फ्रांसिस कुजूर तथा प्रथम बैच के 30 फील्ड ट्रेनर उपस्थित रहे।

