चाईबासा: जिले में चल रहे अवैध लौह अयस्क खनन को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को चाईबासा परिसदन में झामुमो जिला कोर समिति की बैठक जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें अवैध खनन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बैठक में प्रस्ताव पारित कर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी पश्चिमी सिंहभूम, पुलिस अधीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक कोल्हान प्रमंडल, मुख्यमंत्री झारखंड सरकार और पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन को पत्र भेजा गया है।
पत्र में कहा गया है कि जेटया, नोवामुंडी, बड़ाजामदा और गुवा थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध लौह अयस्क खनन और परिवहन की गतिविधियां चल रही हैं। आरोप है कि इस संगठित अवैध कारोबार के संचालन में संतोष डेबरा और अरविंद की भूमिका है, जो मशीनों की तैनाती, मजदूरों की व्यवस्था, ट्रकों की आवाजाही और अयस्क को बड़े प्लांटों तक पहुंचाने का काम देख रहे हैं। इसके अलावा सन्नी सिंह, संतोष डेबरा और अरविंद चौरसिया के नाम भी सामने आए हैं।
बुधराम लागुरी ने कहा कि अवैध खनन से सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है और राज्य सरकार व जिला प्रशासन की छवि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि बड़ाजामदा स्थित कोर मिनरल्स खदान, जिसकी लीज समाप्त हो चुकी है, अवैध खनन का मुख्य केंद्र बन गई है। खदान की चारदीवारी तोड़कर अंदर मशीनें और हाइवा वाहन लगाए गए हैं तथा रात के समय बड़े पैमाने पर खनन कर अयस्क निकाला जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिदिन करीब 10 हजार टन से अधिक लौह अयस्क की अवैध निकासी की जा रही है, जिसे स्थानीय क्रशरों में ले जाकर जाली कागजातों के सहारे वैध दिखाकर बाहर भेजा जाता है।
झामुमो ने जिला प्रशासन को इस मामले में 7 दिनों के भीतर कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि यदि कार्रवाई नहीं होती है तो पार्टी स्वयं अवैध कारोबारियों के खिलाफ सीधी कार्रवाई करेगी।
बुधराम लागुरी ने बताया कि पूर्व में सिरिंगसिया शहीद दिवस के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी इस मामले से अवगत कराया गया था, जिस पर उन्होंने जिला स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था।
बैठक में राहुल आदित्य, बुधराम लागुरी, मन्नाराम कुदादा, दिलवर हुसैन, मोहम्मद मुजाहिद, अशोक दास, दुर्गा चरण देवगम, विनय प्रधान, विश्वनाथ बाड़ा, अकबर खान, प्रेम गुप्ता, अनुज पूर्ति, मंजीत हसदा, वंदना उरांव और जिलाउदीन अंसारी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

