*देवघर को हराकर पश्चिमी सिंहभूम सुपर डिवीजन में पहुंचा* चाईबासा: अंतर जिला सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के तहत खेले गए मुकाबले में पश्चिमी सिंहभूम की टीम ने देवघर को चार विकेट से हराकर सुपर डिवीजन में अपनी जगह पक्की कर ली। टीम ने यह लक्ष्य तीन गेंद शेष रहते हासिल किया। इस जीत में कप्तान प्रियंका सवैयाँ ने 40 रनों की अहम पारी खेली और टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अब पश्चिमी सिंहभूम की टीम सुपर डिवीजन का मुकाबला चाईबासा में खेलेगी या गिरिडीह में, इसका फैसला धनबाद के खिलाफ होने वाले अंतिम लीग मैच के परिणाम पर निर्भर करेगा। अगर टीम धनबाद को हराकर ग्रुप में पहले स्थान पर रहती है तो उसे गिरिडीह जाना होगा, जबकि हार की स्थिति में मुकाबला चाईबासा में खेला जाएगा।
देवघर के के.के.एन. स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर पश्चिमी सिंहभूम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए देवघर की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 134 रन बनाए। पिंकी कुमारी ने 54 रनों की अर्द्धशतकीय पारी खेली, जिसमें छह चौके शामिल थे। पूर्णिमा कुमारी ने 21, सोनिया कुमारी ने 17 और सरिता सोरेन ने 12 रन का योगदान दिया।
पश्चिमी सिंहभूम की ओर से यशोदा कुमारी ने 23 रन देकर 2 विकेट लिए। प्रियंका सवैयाँ और चाँदमुनी पुरती को एक-एक सफलता मिली, जबकि दो बल्लेबाज रन आउट हुए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पश्चिमी सिंहभूम की टीम ने 19.3 ओवर में 6 विकेट खोकर 135 रन बनाकर मैच जीत लिया। कप्तान प्रियंका सवैयाँ ने 40 रन बनाए। जया कुमारी ने 36 और रश्मि गुड़िया ने 27 रन का योगदान दिया।
देवघर की ओर से सुनिता कुमारी और पूर्णिमा कुमारी ने 2-2 विकेट लिए, जबकि सोनिया कुमारी को 1 विकेट मिला।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में शानदार बल्लेबाजी के लिए प्रियंका सवैयाँ को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें 5000 रुपये नकद पुरस्कार मैच पर्यवेक्षक मनोज सिंह द्वारा प्रदान किया गया।

