रांची :* राजधानी रांची में एक जुआरी बेटे ने अपने सगे बाप की बेरहमी से हत्या कर दी। इल्जाम है कि बेटे ने पिता को कुदाल से काटकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की शिनाख्त गोविंद साहू के तौर पर की गयी है। वह रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हाराटांड़ के रहने वाले थे। बेटे का नाम कमल साहू बताया गया। वारदात की फैली खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। सूचना पुलिस को दी गयी। मिली सूचना पर एयरपोर्ट थानेदार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी बेटे कमल साहू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार करीब 32 साल के कमल साहू को जूआ खेलने की बुरी लत थी। कमल साहू जुआ में काफी पैसे हार चुका था। वह अपने पिता से पैसे मांग रहा था। पिता ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। बार-बार पैसे मांगने पर भी पिता ने मना कर दिया। पिता के इनकार के बाद जुआरी बेटे गुस्से से लाल-पीला हो गया और पास पड़े कुदाल से पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। मौके पर ही पिता गोविंद साहू की मौत हो गयी। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है।

