Breaking
Wed. Apr 8th, 2026

आंधी-तूफान बना काल, सारंडा में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान कोबरा जवान शहीद

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के बीच मौसम ने एक जवान की जान ले ली। सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के बहादुर जवान राकेश कुमार की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे सुरक्षा बलों में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबल लगातार क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। मंगलवार देर रात अभियान के दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान बाबू डेरा कैंप के समीप तेज हवा के कारण एक विशाल पेड़ गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर जवान राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

साथी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और हालात गंभीर होने पर बुधवार तड़के हेलीकॉप्टर से रांची एयरलिफ्ट किया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

इस घटना के बाद पूरे सुरक्षा बल में गम का माहौल है। अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के कारण अभियान में कठिनाइयां आ रही हैं, लेकिन नक्सल प्रभावित क्षेत्र में ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा।

शहीद जवान के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Related Post