Breaking
Wed. Apr 8th, 2026

जादूगोड़ा सीटीसी में प्रशिक्षु जवान की मौत के बाद हंगामा, एएसपी बोले– अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मृत्यु

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा स्थित कांस्टेबल ट्रेनिंग सेंटर (सीटीसी) में प्रशिक्षु जवान की मौत के बाद मंगलवार को देर शाम तक हंगामे की स्थिति बनी रही। साथी जवानों ने घटना को लेकर आक्रोश जताते हुए परिसर में नारेबाजी की और अपनी विभिन्न समस्याओं को उठाया। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जवान की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई है।

मृतक की पहचान बजरंगी यादव के रूप में हुई है, जो रांची जिला बल में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में सीटीसी में प्रशिक्षण ले रहे थे। जानकारी के अनुसार, वे पिछले करीब एक सप्ताह से बीमार थे। मंगलवार दोपहर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर प्रशिक्षण केंद्र से उन्हें तत्काल यूसीआईएल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया। बावजूद इसके, शाम करीब 4 बजे उनकी मौत हो गई।

जवान की मौत की खबर मिलते ही सीटीसी परिसर में मौजूद प्रशिक्षु आक्रोशित हो उठे। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि बीमार होने के बावजूद समय पर छुट्टी और पर्याप्त राहत नहीं दी जाती है। कुछ जवानों ने यह भी कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मानसिक दबाव अधिक रहता है और उनकी समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता।

हंगामे की सूचना मिलते ही वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। देर रात तक अधिकारियों और जवानों के बीच बातचीत का दौर चलता रहा, जिसके बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य हुए।

इधर, सीटीसी के एएसपी विजय आशीष कुजूर ने मामले को लेकर स्पष्ट बयान देते हुए कहा, “ऐसी कोई बात नहीं है, जवान की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हुई है।” उन्होंने कहा कि घटना को लेकर किसी प्रकार की अफवाह फैलाने से बचना चाहिए। साथ ही यह भी बताया कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, प्रशिक्षु जवानों ने पासिंग आउट परेड में हो रही देरी, छुट्टी संबंधी समस्याएं और प्रशिक्षण के दौरान व्यवहार को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की है। प्रशासन ने इन शिकायतों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।

फिलहाल, घटना के बाद सीटीसी परिसर में एहतियातन अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। मृतक जवान के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पूरे मामले को लेकर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

Related Post