जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ प्रखंड में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान सुमल्य धल के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के कांथी का रहने वाला था और जमशेदपुर स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल में कार्यरत था। वह इन दिनों धालभूमगढ़ के नूतनगढ़ गांव में अपने मामा के घर आया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह सुमल्य अपने मामा के घर से बाइक लेकर बाजार जाने के लिए निकला था। इसी दौरान जमशेदपुर से चाकुलिया की ओर जा रही एक तेज रफ्तार डीसीएम मालवाहक वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने वाहन का नंबर स्पष्ट रूप से नहीं देख पाया, लेकिन कुछ अंकों के आधार पर उसकी पहचान की कोशिश की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पंचायत समिति सदस्य दीपक महतो मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर धालभूमगढ़ थाना के पुलिस अधिकारी फिलिप कुजूर और चंदन मांझी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं, फरार डीसीएम वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।

