आंध्र प्रदेश। मार्कपुरम जिले में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। रायवरम के पास सुबह करीब 6:30 बजे एक निजी यात्री बस और बजरी से लदे ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते बस आग के गोले में तब्दील हो गई।
बताया जा रहा है कि बस जगतियाल से कनिगिरी की ओर जा रही थी और उसमें करीब 30 यात्री सवार थे। जैसे ही बस स्लैब खदान क्षेत्र के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह भीषण दुर्घटना हुई।
टक्कर के तुरंत बाद बस में आग फैल गई, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। बस के आगे बैठे कुछ यात्री किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन पीछे बैठे कई लोग अंदर ही फंस गए। आग तेजी से फैलने के कारण उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वे जिंदा जल गए।
इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को तत्काल मरकापुरम के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मार्कपुरम के डीएसपी नागराजू ने बताया कि करीब 18 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि मृतकों की पहचान करने का काम जारी है। आग की भयावहता के कारण कुछ शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिससे पहचान में दिक्कत आ रही है।
प्रशासन की टीम मृतकों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचना देने में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अधिकतर मृतक कनिगिरी क्षेत्र के रहने वाले हो सकते हैं।
इस हृदयविदारक घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ।

