Breaking
Thu. Mar 26th, 2026

12 घंटे में लूटकांड का खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार – बाइक, मोबाइल व नकदी बरामद

बोकारो: बालीडीह थाना क्षेत्र में लोन रिकवरी एजेंट से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर जबरदस्त एक्शन लेते हुए पूरे मामले का खुलासा कर दिया। तेज रफ्तार कार्रवाई के तहत तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके पास से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल, नकदी और घटना में प्रयुक्त सामान भी बरामद कर लिया गया है। घटना 25 मार्च की शाम की है, जब चास निवासी सोनू कुमार, जो बजाज फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट हैं, कुर्मीडीह से काम खत्म कर लौट रहे थे। इसी दौरान आरपीएफ बैरक के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने बेरहमी से मारपीट कर पर्स, मोबाइल, नकद राशि और मोटरसाइकिल लूट ली। इतना ही नहीं, धमकी देकर फोन-पे का पासवर्ड भी हासिल कर लिया और बाद में खाते से 5300 रुपये उड़ा लिए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तुरंत विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों में राम कुमार यादव उर्फ भैरव यादव (मुख्य सरगना), प्रियाशु कुमार उर्फ पेटरा और रोहित कुमार शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी भैरव यादव का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है और वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति साफ झलकती है। छापेमारी के दौरान लूटी गई मोटरसाइकिल (JH09AV-2018), घटना में प्रयुक्त बाइक, नगद 3420 रुपये, तीन स्मार्टफोन, वादी का मोबाइल, पर्स और आधार कार्ड बरामद किए गए। इस पूरी कार्रवाई में बालीडीह थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह समेत पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और आपराधिक कनेक्शन की भी गहन जांच कर रही है।

Related Post