Breaking
Wed. Mar 25th, 2026

बैंक मैनेजर के सूने घर में सेंध, ताला काटकर लाखों की चोरी, CCTV में दिखे आरोपी

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित प्रमोद नगर के जूही रोड में चोरों ने एक बैंक मैनेजर के बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर के मालिक गोविंद चंद्र हांसदा, जो पंजाब नेशनल बैंक में सीनियर बैंक मैनेजर हैं, अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने पूरी योजना के साथ घटना को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, घर कई दिनों से बंद था। इसी बीच चोर देर रात पहुंचे और सबसे पहले मुख्य दरवाजे का ताला काट दिया। इसके बाद वे आराम से घर के अंदर दाखिल हो गए। अंदर घुसने के बाद उन्होंने एक-एक कमरे की तलाशी ली और अलमारियों को खोलकर जेवरात व अन्य कीमती सामान निकाल लिए। पूरे घर को खंगालने के बाद चोर आसानी से मौके से फरार हो गए।

घटना का खुलासा बुधवार सुबह हुआ, जब घर में काम करने वाली दाई पहुंची। उसने दरवाजे का टूटा ताला देखा और अंदर जाकर पाया कि पूरा घर बिखरा पड़ा है। अलमारियां खुली थीं और ज्वेलरी के खाली डिब्बे बिस्तर पर पड़े थे। इसके बाद तुरंत आसपास के लोगों और परिजनों को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध युवक घर में प्रवेश करते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी पहचान करने और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि चोरों को पहले से घर के खाली होने की जानकारी थी और उन्होंने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Related Post