जमशेदपुर। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जिला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। उलीडीह थाना पुलिस ने बुधवार को स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट परिसर स्थित एक जर्जर मकान में छापेमारी कर कुख्यात नशा तस्कर मनोज कुमार दास को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से 63 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की, जिसका कुल वजन करीब 5.01 ग्राम बताया गया है।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व पटमदा डीएसपी बच्चनदेव कुजूर ने किया। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10:15 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट बिल्डिंग के पास कुछ लोग अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त हैं। सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें उलीडीह थाना प्रभारी और अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की, जहां से उलीडीह मुर्दा मैदान निवासी 35 वर्षीय मनोज कुमार दास को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर की पुड़िया बरामद हुई। पुलिस के अनुसार वह मौके पर ग्राहकों से संपर्क कर नशा बेचने की फिराक में था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मनोज कुमार दास का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2022 में साकची थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत वह जेल जा चुका है। इसके अलावा दिसंबर 2025 में उलीडीह पुलिस ने ही उसे गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल से बाहर आने के बाद उसने दोबारा इस अवैध कारोबार में कदम रख दिया।
डीएसपी बच्चनदेव कुजूर ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। ऑपरेशन प्रहार के तहत शहर में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

