चाईबासा: नगर परिषद चाईबासा के सभागार में बुधवार को परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश की अध्यक्षता में दूसरी बोर्ड बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की प्रमुख समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में नगर के सभी 21 वार्डों के पार्षद, उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा, कार्यपालिका अभियंता संतोषिनी मुर्मू, नगर प्रबंधक लोकेश कुमार समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य फोकस शहर में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना रहा। सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड की समस्याएं लेकर पहुंचे और क्रमवार उन्हें अधिकारियों के समक्ष रखा गया। इन समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए लिखित रूप में दर्ज किया गया और जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया।
बैठक में जिन प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई, उनमें जोड़ा तालाब क्षेत्र की बदहाल स्थिति, बस स्टैंड की अव्यवस्था, शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या और कचरा प्रबंधन की खराब व्यवस्था शामिल रही। इन सभी विषयों पर अधिकारियों ने आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही।
इसके अलावा, शहर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने और पेड़ों की टहनियों की नियमित कटाई के लिए स्थायी लिफ्टर मशीन खरीदने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। अधिकारियों का मानना है कि इससे शहर की सफाई व्यवस्था और यातायात दोनों में सुधार होगा।
बस स्टैंड निर्माण को लेकर भी बैठक में अहम जानकारी साझा की गई। बताया गया कि इसके लिए विभागीय स्वीकृति मिल चुकी है और अप्रैल महीने से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
बैठक के समापन पर अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने सभी पार्षदों और अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि विकास योजनाओं को तेजी से लागू किया जा सके और शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

