Breaking
Wed. Mar 25th, 2026

नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर युवक ने फांसी लगाकर दी जान, तीन बेटियां हुईं बेसहारा

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाउरी बस्ती में एक 35 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है, जिसके बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान दयाल बाग के रूप में हुई है, जो भुइयांडीह स्थित लकड़ी टाल में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जाता है कि वह नशे का आदी था। मंगलवार रात वह नशे की हालत में घर पहुंचा और परिजनों से दोबारा नशा करने के लिए पैसे की मांग करने लगा। जब घरवालों ने पैसे देने से इनकार किया, तो उसने घर में विवाद किया और मारपीट पर उतारू हो गया। इसके बाद परिजनों ने उसे घर से बाहर कर दिया।

कुछ देर बाद दयाल अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को संदेह हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जहां दयाल को फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया।

आनन-फानन में परिजन और पड़ोसी उसे एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के भगीने अमित बाउरी के अनुसार, दयाल की तीन छोटी-छोटी बेटियां हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Post