रांची :* राजधानी रांची के बीआईटी थाना क्षेत्र में बीती देर रात अपराधियों ने दो अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर लूट की वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। जानकारी के अनुसार, करीब आधा दर्जन अपराधी बाइक और एक कार से पहुंचे और हथियार के बल पर दोनों पेट्रोल पंपों को निशाना बनाया।
पहली घटना में अपराधियों ने एक पेट्रोल पंप से दो लाख रुपये से अधिक की नकदी लूट ली। वहीं दूसरी वारदात में बदमाशों को ज्यादा रकम हाथ नहीं लगी और वे केवल करीब दो हजार रुपये लेकर ही फरार हो गए। दोनों घटनाएं देर रात कम भीड़-भाड़ के समय को देखकर अंजाम दी गईं।
घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मियों में डर का माहौल है। कर्मचारियों ने बताया कि अपराधी अचानक पहुंचे और उन्हें डराकर कैश काउंटर से पैसे लूट लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले की जानकारी मिलते ही बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से इलाके के लोगों में भय का माहौल है और पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है।

