जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां इलाजरत एक युवक ने अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व उनके परिजनों के बीच दहशत का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय अरशद आलम के रूप में हुई है, जो पिछले तीन दिनों से अस्पताल के मेडिसिन विभाग में भर्ती था। उसे वार्ड के पार्ट-1 में बेड नंबर 419 पर रखा गया था। परिजनों के अनुसार अरशद नशे का आदी था और इसी कारण उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक अरशद ने अपनी मां से शौच के लिए जाने की बात कही और बेड से उठकर बाहर चला गया। कुछ ही देर बाद तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद उसकी मां ने शोर मचाया। अस्पताल कर्मियों और परिजनों ने दौड़कर देखा तो वह नीचे गिरा हुआ था और गंभीर रूप से घायल था।
आनन-फानन में उसे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। अस्पताल प्रबंधन से भी घटना के समय की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर जानकारी ली जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर एक मरीज इतनी आसानी से चौथी मंजिल तक पहुंचकर इस तरह का कदम कैसे उठा सका।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक का माहौल है।

