Breaking
Sat. Mar 7th, 2026

बोड़ाम में बाउंड्री का ताला तोड़कर पांच खस्सी की चोरी, इलाके में दहशत

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्र बोड़ाम थाना के आंधारझोर गांव के केंदडीह टोला में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर पांच खस्सी (बकरा) चोरी कर ली। चोरी गए खस्सियों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार केंदडीह टोला निवासी आशुतोष महतो ने ईद के बाजार को ध्यान में रखते हुए पांच खस्सी पाल रखे थे। शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य रोज की तरह बाउंड्री गेट में ताला लगाकर सो गए थे। देर रात करीब 12 बजे के बाद चारपहिया वाहन से पहुंचे चोरों ने बाउंड्री में लगे ग्रिल का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। इसके बाद घर के परिसर में बंधे सभी खस्सियों को वाहन में लादकर फरार हो गए।

शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब परिवार के लोग सोकर उठे तो बाउंड्री का ताला टूटा हुआ मिला और खस्सी गायब थे। इसके बाद परिवार के लोगों ने तुरंत बोड़ाम थाना को सूचना दी। पीड़ित आशुतोष महतो ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरों ने पहले पड़ोस में रहने वाले राजू महतो के घर में घुसने की भी कोशिश की थी। हालांकि वहां खस्सी घर के अंदर बंधे हुए थे और परिवार के लोगों के जागने की आशंका के कारण चोरों ने बाहर से दरवाजे की सिकड़ी बंद कर दी और वहां से निकल गए।

Related Post