Breaking
Thu. Oct 8th, 2026

मधु बाजार के रेस्टोरेंट में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के मधु बाजार स्थित एक रेस्टोरेंट में शनिवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा रेस्टोरेंट जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक रेस्टोरेंट के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार तड़के मधु बाजार स्थित रोलेक्स रेस्टोरेंट में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्टोरेंट संचालक अनिल कुमार अग्रवाल को सूचना दी और साथ ही अग्निशमन विभाग को भी घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया और आसपास की दुकानों को सुरक्षित कर लिया। हालांकि आग बुझने तक रेस्टोरेंट के भीतर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

रेस्टोरेंट संचालक अनिल कुमार अग्रवाल ने बताया कि आग लगने से रेफ्रिजरेटर, एयर कंडीशनर, पंखे, फर्नीचर, रसोई के उपकरण और जरूरी दस्तावेज पूरी तरह जल गए। उन्होंने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि आसपास की दुकानों तक फैलने का खतरा पैदा हो गया था। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

संचालक के अनुसार आग से करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुट गई है।

Related Post