पलामू। चैनपुर थाना क्षेत्र के चेड़ाबार गांव के पास कोयल नदी की झाड़ियों में मिले शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के करचा गांव निवासी युगेश सिंह के रूप में हुई थी, जो चेड़ाबार गांव के तिरधारी सिंह के दामाद थे।
जानकारी के अनुसार 28 फरवरी 2026 को चेड़ाबार गांव के पास कोयल नदी की झाड़ियों में एक शव बरामद हुआ था। बाद में उसकी पहचान युगेश सिंह के रूप में की गई। इस संबंध में मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर चैनपुर थाना में 1 मार्च 2026 को कांड संख्या 57/2026 दर्ज किया गया। मामले में शिव कुमार सिंह उर्फ शिवपुजन सिंह सहित छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में सदर अंचल के पुलिस निरीक्षक, चैनपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। गठित टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए 5 मार्च 2026 को प्राथमिकी अभियुक्त शिव कुमार सिंह उर्फ शिवपुजन सिंह और अप्राथमिकी अभियुक्त जय प्रकाश सिंह उर्फ हुड़िया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी 2026 की रात करीब साढ़े आठ बजे वे घर जा रहे थे। उसी दौरान चेड़ाबार गांव में मुनेश्वर सिंह उर्फ ढेला सिंह के घर के सामने बेल के पेड़ के नीचे युगेश सिंह नशे की हालत में बैठे थे। आरोपियों ने खर्च के लिए उनसे पैसे मांगे, जिस पर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपी युगेश सिंह को कोयल नदी की ओर ले गए, जहां लोहे के फाइटर से मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कोयल नदी की झाड़ियों में छिपा दिया। खींचातानी के दौरान मृतक का जींस, जूता और पिट्ठू बैग भी नदी में ही छिपा दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का फाइटर, मृतक का पिट्ठू बैग जिसमें बच्चे के कपड़े और दवाइयां रखी थीं, तथा एक जोड़ा जूता बरामद कर जब्त कर लिया। वहीं शव के पास से एक मफलर और बाएं पैर का चप्पल भी मिला, जिसे आरोपी शिवपुजन सिंह ने अपना बताया।
गिरफ्तार आरोपियों में चेड़ाबार गांव निवासी शिवपुजन सिंह उर्फ शिव कुमार सिंह (28 वर्ष), पिता प्रताप सिंह और जय प्रकाश सिंह उर्फ हुड़िया (23 वर्ष), पिता गोविंद सिंह शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इस छापेमारी अभियान में पुलिस निरीक्षक पूनम टोप्पो, चैनपुर थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक श्रीराम शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक बाबूलाल दुबे, छत्रधारी कुमार, सशस्त्र अवर निरीक्षक विक्रम तामसोय और चैनपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

