Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

होली के दौरान पानी फेंकने के विवाद में युवक को चाकू मारा, एमजीएम में भर्ती

जमशेदपुर। होली के दौरान पानी फेंकने को लेकर हुए विवाद में साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर-3 निवासी युवक रितेश कुमार को कुछ लोगों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। घायल युवक का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार रितेश कुमार बुधवार शाम घूमने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान वह काशीडीह काली मंदिर के पास पहुंचा, तभी पास के एक घर की छत से किसी व्यक्ति ने उस पर पानी फेंक दिया। रितेश ने जब इस पर आपत्ति जताई और पूछताछ की, तो आरोपी व्यक्ति उससे उलझ गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

बताया जाता है कि कुछ ही देर में वहां तीन अन्य लोग भी पहुंच गए और रितेश के साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने चाकू निकालकर रितेश के पेट में वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद रितेश ने साकची थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Related Post