Breaking
Sat. Feb 28th, 2026

नगरपालिका अध्यक्ष पद पर जीत के बाद 1 मार्च को निकलेगा विजय जुलूस, प्रशासन ने सशर्त दी अनुमति

चाईबासा: सदर अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय (गोपनीय शाखा) की ओर से नगरपालिका आम चुनाव 2026 में अध्यक्ष पद पर विजयी नितिन प्रकाश को 1 मार्च 2026 को विजय जुलूस निकालने की सशर्त अनुमति प्रदान की गई है। इस संबंध में ज्ञापांक 185/गो०, दिनांक 28 फरवरी 2026 को आदेश जारी किया गया है।

नितिन प्रकाश, पिता स्व. नवीन कुमार, निवासी न्यू कॉलोनी नीमडीह, पोस्ट चाईबासा, थाना सदर, जिला पश्चिमी सिंहभूम ने 1 मार्च को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 6 बजे तक नगरपालिका चाईबासा क्षेत्र में विजय जुलूस निकालने की अनुमति मांगी थी।

जुलूस घण्टा घर से प्रारंभ होकर आम्रपाली होटल, बिरसा चौक, बाल मंडली, पोस्ट ऑफिस चौक, स्टेट बैंक, सदर थाना, शहीद पार्क चौक, यशोदा टॉकीज, पानी टंकी, कुम्हार टोली, बड़ी बाजार कृष्णा होटल मेन रोड, उर्दू लाइब्रेरी, मेरी टोला चौक, गाड़ीखाना चौक, जेल रोड, चाईबासा नगरपालिका, अमला टोला, रुंगटा चौक, काली मंदिर, कोर्ट रोड होते हुए पुनः घण्टा घर तक जाएगा।

अनुमति पत्र में स्पष्ट किया गया है कि विजय जुलूस निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ही निकाला जाएगा। जुलूस में किसी प्रकार का आग्नेयास्त्र या घातक हथियार लाने की अनुमति नहीं होगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी आयोजक की होगी तथा किसी भी अप्रिय घटना के लिए वही उत्तरदायी होंगे। जुलूस निर्धारित तिथि और समय के भीतर समाप्त करना अनिवार्य होगा।

ध्वनि विस्तारक यंत्र के प्रयोग की स्थिति में ध्वनि की तीव्रता 45 डेसीबल से अधिक नहीं रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही किसी भी स्थिति में यातायात व्यवस्था बाधित नहीं करने को कहा गया है। आदेश की अवहेलना या उल्लंघन होने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

आदेश की प्रतिलिपि नितिन प्रकाश, अंचल अधिकारी सदर चाईबासा, थाना प्रभारी सदर एवं मुफ्फसिल चाईबासा, पुलिस निरीक्षक सदर तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई है।

Related Post