चाईबासा। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देश तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में पश्चिमी सिंहभूम जिले में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से मासिक लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह लोक अदालत शनिवार को चाईबासा सिविल कोर्ट परिसर एवं चक्रधरपुर अनुमंडल न्यायालय में एक साथ आयोजित की गई।
लोक अदालत में चाईबासा और चक्रधरपुर न्यायालयों में कुल 11 न्यायपीठों का गठन किया गया, जहां प्री-लिटिगेशन एवं विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों की सुनवाई की गई। सुलह-समझौते के आधार पर कुल 810 मामलों का सफल निष्पादन किया गया। मामलों के निपटारे के साथ ही 47 लाख 62 हजार 64 रुपये की राशि की वसूली भी की गई, जिससे संबंधित पक्षकारों को त्वरित राहत मिली।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने बताया कि झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को मासिक लोक अदालत का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सुलह योग्य मामलों का शीघ्र, सस्ता और सरल समाधान संभव है। इच्छुक पक्षकार अपने सुलहनीय मामलों के निष्पादन के लिए आवेदन देकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

