चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत डोमलाई गांव के उरांव टोला में शुक्रवार देर रात एक जंगली दांतैल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। रात करीब 12 बजे से 3 बजे के बीच हाथी ने बारी-बारी से तीन घरों को निशाना बनाया, दीवारें तोड़ दीं और घरों में रखे चावल व अन्य अनाज को खाकर बिखेर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।
सबसे पहले हाथी ने लहरू कच्छप के घर पर हमला किया। उस समय घर में उनकी मां करमी कच्छप, पत्नी और बच्चे गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ हाथी ने घर की आगे और पीछे की दीवार तोड़ डाली। स्थिति को भांपते हुए परिवार के सभी सदस्य जान बचाने के लिए पलंग के नीचे छिप गए। इसी दौरान दीवार का मलबा और छत पर लगा एस्बेस्टस टूटकर पलंग पर गिर पड़ा। सौभाग्य से परिवार के सभी लोग सुरक्षित बच गए। भय के कारण वे बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। किसी तरह मोबाइल फोन से आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी गई। ग्रामीणों के पहुंचने के बाद ही परिवार सुरक्षित बाहर निकल सका।
इसके बाद हाथी ने कुछ दूरी पर स्थित सोनू टोप्पो के घर को निशाना बनाया। हाथी ने पहले दरवाजे पर जोरदार धक्का मारा और दीवार में दांत घुसाकर तोड़ने की कोशिश की। जब दीवार नहीं टूटी तो वह घर के पीछे पहुंचा और खपड़ा छत को खींचकर हटाने के बाद दीवार तोड़ दी। हाथी ने अपने दो पैर घर के अंदर रख दिए और डेगची में रखे चावल को सूंड से निकालकर बिखेर दिया। काफी मात्रा में अनाज नष्ट हो गया। सोनू टोप्पो ने बताया कि पूरी घटना उनकी आंखों के सामने हुई और अगर वे समय रहते पलंग के नीचे नहीं छिपते तो जान का खतरा हो सकता था।
घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है।

