Breaking
Sat. Feb 28th, 2026

निक्को पार्क में रंगों और संगीत के साथ झूमे युवा, तुषार इवेंट का भव्य होली मिलन समारोह

जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित निक्को पार्क में शनिवार को महानगरों के तर्ज पर एक दम अनोखे अंदाज में रंगों, संगीत और उत्साह से सराबोर होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन तुषार इवेंट द्वारा किया गया, जिसमें शहर भर से बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। आयोजकों के अनुसार लगभग सात सौ से अधिक जेन जी युवा इस उत्सव में शामिल हुए, जिनमें युवतियों की भागीदारी विशेष रूप से अधिक रही।

कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। प्रवेश द्वार से लेकर मुख्य मंच तक रंग-बिरंगी सजावट, फूलों की झालरें और होली थीम आधारित सेल्फी प्वाइंट बनाए गए थे, जहां युवाओं ने जमकर तस्वीरें खिंचवाईं। जैसे ही डीजे ने फिल्मी और होली के लोकप्रिय गीतों की धुनें बजानी शुरू कीं, पूरा माहौल उत्साह से भर उठा। युवाओं ने रंग-गुलाल उड़ाते हुए जमकर ठुमके लगाए और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया था। प्रवेश पर रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था थी तथा रंगों के लिए ऑर्गेनिक गुलाल उपलब्ध कराया गया। आयोजकों की ओर से ठंडाई, स्नैक्स और पानी की भी समुचित व्यवस्था की गई थी, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

रंगों से सराबोर युवा समूहों में नृत्य करते नजर आए। कई युवाओं ने पारंपरिक सफेद परिधान पहनकर उत्सव की शोभा बढ़ाई। डीजे की धुनों पर ‘होली स्पेशल मिक्स’ के साथ-साथ लोकप्रिय फिल्मी गीतों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। पूरे आयोजन के दौरान ऊर्जा और उमंग का माहौल बना रहा।

इस संबंध में आयोजक तुषार ने बताया कि यह उनका पहला बड़ा इवेंट है और इसका उद्देश्य शहर के युवाओं को एक सुरक्षित और सकारात्मक माहौल में त्योहार मनाने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और खुशियां बांटने का पर्व है, और इसी भावना के साथ इस कार्यक्रम की परिकल्पना की गई। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के सांस्कृतिक और युवा केंद्रित कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

समारोह के सफल आयोजन से प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा गया। युवाओं ने इसे यादगार और व्यवस्थित आयोजन बताते हुए आयोजकों की सराहना की। रंग, संगीत और दोस्ती के संगम ने निक्को पार्क परिसर को पूरे दिन उत्सवमय बनाए रखा।

Related Post