Breaking
Sat. Feb 28th, 2026

दुष्कर्म की कोशिश नाकाम होने पर चार साल के बच्चे की पत्थर से हत्या, आरोपी दबोचा गया

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में चार वर्षीय बालक निर्मल हेम्ब्रम की अपहरण के बाद हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस जघन्य अपराध में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

खूँटपानी गांव निवासी बालेमा हेम्ब्रम (49 वर्ष), पति स्वर्गीय विजय सिंह हेम्ब्रम, ने अपने पुत्र के अचानक लापता होने पर मुफ्फसिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में थाना कांड संख्या 36/2026, दिनांक 26 फरवरी 2026 को भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 137(2) के तहत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, पश्चिमी सिंहभूम के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा बहामन टूटी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाते हुए चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के इचींडा टोला उलीडीह निवासी देवेन्द्र बोदरा (31 वर्ष), पिता सालुका बोदरा, को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बच्चे के साथ दुष्कर्म की कोशिश की।

जब मासूम ने विरोध किया तो उसने पत्थर से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चुईगुटू पहाड़ क्षेत्र से बालक का शव बरामद कर लिया। घटना में प्रयुक्त पत्थर को भी जब्त किया गया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2018 में मुफ्फसिल थाना में उसके खिलाफ भादवि की धारा 279 और 304(ए) के तहत मामला दर्ज हुआ था।

विशेष छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी, मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, पुलिस पदाधिकारी रितेश कुमार सिंह तथा थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Post