जमशेदपुर। शहर के एम आरएस केएमपीएम व्यावसायिक महाविद्यालय में शुक्रवार को मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य विषय पर एक प्रेरणादायी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्या रीता बहन के सहयोग से किया गया, जिसमें स्नातक के विद्यार्थियों के साथ-साथ महाविद्यालय के फैकल्टी सदस्य भी शामिल हुए।
संगोष्ठी के मुख्य वक्ता बीके अरविंद भाई ने वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज मानव संसाधन और डिजिटल उपकरणों की प्रचुरता के बावजूद लोग सच्ची खुशी और शांति की तलाश भौतिक वस्तुओं और व्यक्तियों में कर रहे हैं, जो एक गलत दृष्टिकोण है। उन्होंने समझाया कि जब तक व्यक्ति स्वयं को नहीं पहचानता और अपनी आंतरिक शक्तियों को विकसित नहीं करता, तब तक वह स्थायी सुख और संतुलन प्राप्त नहीं कर सकता। उन्होंने आत्मा को एक बैटरी के समान बताते हुए कहा कि इसे समय-समय पर आध्यात्मिक ऊर्जा से चार्ज करना आवश्यक है, तभी मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रह सकता है।
इसके बाद बीके रेणु बहन ने राजयोग क्या है और उससे मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजयोग के माध्यम से व्यक्ति अपने मन, बुद्धि और संस्कारों पर सकारात्मक नियंत्रण विकसित कर सकता है। सत्र के दौरान उपस्थित सभी प्राध्यापकों और विद्यार्थियों को राजयोग का व्यावहारिक अनुभव भी कराया गया, जिससे सभागार में शांति और एकाग्रता का वातावरण बन गया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या रीता बहन ने बीके अरविंद भाई, बीके जीतन भाई तथा बीके रेणु बहन को फ्लावर पॉट भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। संगोष्ठी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने की दिशा में प्रेरित किया।

