Breaking
Fri. Feb 27th, 2026

अंतर राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का श्रीनाथ विश्वविद्यालय में भव्य समापन

जमशेदपुर। मेरा युवा भारत, पूर्वी सिंहभूम द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित अंतर राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम 2025–26 का सफल समापन 27 फरवरी 2026 को श्रीनाथ विश्वविद्यालय में हुआ। यह पांच दिवसीय कार्यक्रम 23 फरवरी से प्रारंभ होकर विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र से आए 37 युवा प्रतिभागियों ने झारखंड के युवाओं के साथ सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान संवाद सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, समूह चर्चा और सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श के माध्यम से दोनों राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की परंपराओं, संस्कृति और जीवनशैली को समझने का अवसर मिला। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच आपसी समझ, सौहार्द और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा।

समापन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सम सिंह, कुलाधिपति सुखदेव महतो, कुलसचिव डॉ. याहिया मजूमदार, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आतिफ हबीब, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. शालिनी ओझा, डीन राजेश, जिला युवा अधिकारी मोंटू पातर तथा लेखा एवं कार्यक्रम सहायक शुभेच्छा सहित बड़ी संख्या में राष्ट्रीय स्वयंसेवक और प्रतिभागी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कुलाधिपति सुखदेव महतो ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को देश की विविधता को करीब से जानने और अनुभव करने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान से न केवल भाईचारे की भावना प्रगाढ़ होती है, बल्कि राष्ट्रीय एकता भी सशक्त होती है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आतिफ हबीब ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायी और उपयोगी बताया।

समारोह के दौरान महाराष्ट्र से आए प्रतिभागियों ने अपने पारंपरिक लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, वहीं श्रीनाथ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने झारखंड के लोक नृत्यों से सभी का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।

कार्यक्रम के अंत में जिला युवा अधिकारी मोंटू पातर ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक इकाई एवं विश्वविद्यालय की टीम को सफल आयोजन के लिए स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। समापन के अवसर पर दोनों राज्यों के युवाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भाईचारे, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

पांच दिनों तक चले इस अंतर राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम ने युवाओं के बीच सांस्कृतिक समझ, सहयोग और राष्ट्रीय एकात्मता को नई दिशा देने का कार्य किया, जो भविष्य में भी सकारात्मक परिणाम देगा।

Related Post