चाईबासा: सदर प्रखंड के कमारहातु गांव की एंजेलिना देवगम ने लाइफ साइंस विषय में सीएसआईआर-यूजीसी नेट परीक्षा पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से गांव और जिले में खुशी का माहौल है।
एंजेलिना देवगम सिविल कोर्ट से सेवानिवृत्त एवं वर्तमान अधिवक्ता सोमय देवगम तथा पूर्व एएनएम शिलवंती कंडुलना देवगम की पुत्री हैं। उन्होंने लाइफ साइंस विषय से सीएसआईआर-यूजीसी नेट परीक्षा पास की है, जिससे उनके लिए प्रोफेसर बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
वर्तमान में एंजेलिना देवगम भुवनेश्वर स्थित MITS School of Biotechnology में माइक्रोबायोलॉजी विषय से एमएससी की पढ़ाई कर रही हैं।
परिवार में शिक्षा का वातावरण पहले से रहा है। उनकी बड़ी बहन क्रिस्टिना नेट क्वालीफाई कर असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्य कर रही हैं। वहीं चचेरी बहन कल्पना देवगम भी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की तैयारी में जुटी हैं।
एंजेलिना देवगम की सफलता पर वैज्ञानिक सहायक पाइकिराय देवगम, पूर्व सीआईएसएफ इंस्पेक्टर सोनाराम देवगम, ग्राम मुंडा बिरसा देवगम, पूर्व सैनिक कैप्टेन भीम सिंह देवगम, मुखिया जुलियाना देवगम, पंचायत समिति सदस्य दीनबंधु देवगम, पूर्व रेल कोच इंजीनियर सामु देवगम, रेलकर्मी धर्मेंद्र देवगम, पूर्व सैनिक पतोर देवगम, मस्कल फाउंडेशन अध्यक्ष सुरजा देवगम, शिक्षक कृष्णा देवगम, सैनिक प्रधान देवगम, रेल इंजीनियर नरेश पाड़ेया, बैंककर्मी अर्जुन देवगम, पूर्व रेलकर्मी बैगो बानरा तथा पूर्व बैंककर्मी सुशीला पाड़ेया ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
ग्रामीणों ने इसे कमारहातु गांव की बेटियों की निरंतर उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

