Breaking
Thu. Mar 19th, 2026

*गिरिडीह फायरिंग केस : टेक-ऑफ से पहले दुर्गापुर एयरपोर्ट से मुख्य आरोपी धराया*

गिरिडीह :* गिरिडीह नगर निगम चुनाव का मतदान खत्म होते ही पचंबा थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस सनसनीखेज मामले का मुख्य आरोपी शिवम आजाद आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। घटना के बाद से फरार चल रहा शिवम आजाद पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित अंडाल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया।

नाच-गाने का मजा लेकर भागने की थी तैयारी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरिडीह से फरार होने के बाद शिवम आजाद छिपते-छिपाते लच्छीपुर पहुंचा। वहां उसने नाच-गाने के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और खुद को पूरी तरह से सुरक्षित समझ रहा था। इसके बाद वह राज्य से बाहर निकलने की योजना बनाकर दुर्गापुर एयरपोर्ट पहुंचा। शिवम की तैयारी थी कि फ्लाइट पकड़कर कहीं दूर निकल जाएगा, लेकिन पुलिस को पहले ही उसकी लोकेशन की पुख्ता जानकारी मिल चुकी थी। नतीजा यह हुआ कि टेक-ऑफ से ठीक पहले पुलिस ने उसे दबोच लिया।

*चुनाव के बाद क्यों भड़की थी फायरिंग?*

पूरा मामला गिरिडीह नगर निगम चुनाव के मतदान खत्म होने के बाद का है। पचंबा थाना क्षेत्र के आजाद नगर अनुसूचित जाति टोला में शिवम आजाद और उसके साथियों पर आरोप है कि उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग की। इस घटना से इलाके में जबरदस्त दहशत फैल गई थी। लोग सहम गए थे और पुलिस पर आरोपियों को जल्द पकड़ने का भारी दबाव बन गया था।

*अन्य आरोपियों पर भी कसा शिकंजा*

शिवम आजाद की गिरफ्तारी के बाद गिरिडीह पुलिस की एक विशेष टीम उसे वापस लाने के लिए दुर्गापुर रवाना हो चुकी है। वहीं, पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। पचंबा निवासी विशाल मंडल समेत छह-सात अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। सभी से नगर थाना में सख्ती से सवाल-जवाब हो रहे हैं, ताकि यह साफ हो सके कि फायरिंग की साजिश में और कौन-कौन शामिल था।

*पुलिस का साफ संदेश*

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। चुनाव के बाद माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।

Related Post