Breaking
Thu. Feb 5th, 2026

नगर निकाय चुनाव : आज स्क्रूटनी, 11 अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों समेत 106–107 प्रत्याशियों की बढ़ी धड़कनें

चाईबासा: चाईबासा नगर निकाय चुनाव को लेकर आज का दिन काफी अहम माना जा रहा है। आज अध्यक्ष पद के 11 उम्मीदवारों तथा 21 वार्डों से लगभग 106 से 107 वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी (जांच) की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसको लेकर सभी प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हैं। हर कोई यही सोच रहा है कि कहीं स्क्रूटनी के दौरान नामांकन में कोई कमी न निकल जाए और वे चुनावी दौड़ से बाहर न हो जाएं।

नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रत्याशी पूरी तरह से स्क्रूटनी पर निर्भर हैं।

अधिकांश उम्मीदवारों ने चुनाव की तैयारी, प्रचार-प्रसार और खर्च अपने-अपने स्तर से पहले ही कर लिया है। ऐसे में आज का दिन सभी के लिए बेहद निर्णायक साबित हो सकता है।

इस बीच कई प्रत्याशियों से बातचीत में उन्होंने बताया कि वे हर तरह से तैयार हैं और उनके नामांकन पत्रों में किसी प्रकार की कमी नहीं है। हालांकि शहर में इस बात की भी खूब चर्चा है कि भले ही नगर निकाय चुनाव दलगत आधार पर नहीं हो रहे हों, लेकिन राजनीतिक दलों का समर्थन जरूर दिखाई दे रहा है।

शहर के तीन प्रमुख अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों को बड़े राजनीतिक दलों का समर्थन मिलने की चर्चा आम है।

बताया जा रहा है कि रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का समर्थन प्राप्त है, वहीं नितिन प्रकाश को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का समर्थन मिल रहा है। इसके अलावा राधा मोहन बनर्जी को कांग्रेस का समर्थन प्राप्त होने की चर्चा शहर में जोरों पर है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के मुकाबले निर्दलीय उम्मीदवार किस तरह की स्थिति बनाते हैं।

निर्दलीय उम्मीदवारों में सुनील प्रसाद साव और देवी शंकर दत्ता उर्फ काबू दत्ता की गूंज शहर में साफ सुनाई दे रही है। इनके अलावा अन्य अध्यक्ष पद के उम्मीदवार भी अपनी-अपनी ताकत झोंक चुके हैं। उधर 21 वार्डों से चुनाव लड़ रहे 106 से अधिक वार्ड पार्षद प्रत्याशी भी पूरी तरह से ताल ठोक चुके हैं।

कुल मिलाकर आज की स्क्रूटनी नगर निकाय चुनाव की दिशा तय करेगी। सभी प्रत्याशियों की नजरें जांच प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं और परिणाम का इंतजार पूरे शहर में उत्सुकता के साथ किया जा रहा है।

Related Post