Breaking
Tue. Feb 3rd, 2026

तनिष्क ज्वेलर्स लूट प्रयास का खुलासा — बिहार से दो अपराधी गिरफ्तार, हथियार व जिंदा गोलियां बरामद

बोकारो। सेक्टर-4 थाना क्षेत्र अंतर्गत सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में दिनांक 11 जनवरी 2026 को हथियार के बल पर लूट का प्रयास किया गया था। इस सनसनीखेज घटना को लेकर सेक्टर- 4 थाना कांड संख्या 02/26, दिनांक 12.01.2026 को धारा 310(2)/312/331(3)/205/111/336(3) बीएनएस के तहत अज्ञात अपराधकर्मियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर लगातार छानबीन करते हुए कांड में अग्रतर कार्रवाई शुरू की।इसी क्रम में दिनांक 02 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने इस कांड में संलिप्त दो अपराधकर्मियों को बिहार के बेगूसराय जिला से पूछताछ हेतु हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने बोकारो सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में लूट के प्रयास में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। अभियुक्तों के स्वीकारोक्ति बयान एवं उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कांड में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल (7.65 एमएम) तथा पांच जिंदा गोलियां बरामद कीं। इसके अलावा एक पिठू बैग और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। गिरफ्तार अपराधकर्मियों की पहचान प्रिंस कुमार (उम्र लगभग 20 वर्ष), पिता बिरजू महतो तथा मो. समशाद (उम्र लगभग 24 वर्ष), पिता मो. मुख्तार, दोनों निवासी चेरिया बरियारपुर, थाना चेरियाबरियारपुर, जिला बेगूसराय (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि प्रिंस कुमार के विरुद्ध पूर्व में चेरिया बरियारपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत दो कांड दर्ज हैं, जबकि मो. समशाद के विरुद्ध सिल्लीगुड़ी थाना में तनिष्क ज्वेलर्स लूट से संबंधित एक मामला दर्ज है। इस पूरी कार्रवाई में नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन के नेतृत्व में सेक्टर-4, बीएस सिटी, हरला, सेक्टर-12, सिटी, बालीडीह थाना, तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

Related Post