धनबाद। झरिया की विधायक रागिनी सिंह के आवास सिंह मेंशन पर रविवार देर रात बम से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित इस आलीशान बंगले में बाइक सवार अपराधियों ने दो सुतली बम फेंके, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए और घरों से बाहर निकल आए। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार पहला बम रात करीब 11.20 बजे सिंह मेंशन के मुख्य गेट के अंदर फेंका गया, जबकि दूसरा बम गेट के बाहर सड़क की ओर मारा गया। दोनों धमाके लगभग एक ही समय पर हुए, जिससे किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है। घटना के वक्त बंगले के अंदर विधायक के समर्थक मौजूद थे और हमले से कुछ देर पहले ही विधायक के पति व पूर्व विधायक संजीव सिंह वहां पहुंचे थे।
धमाके के बाद कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने काले रंग की थार गाड़ी से कुछ लोगों को रिकॉर्डिंग करते हुए भागते देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी सरायढेला थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस ने सिंह मेंशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। सिटी एसपी ने बताया कि कुछ अज्ञात लोगों द्वारा बंगले के अंदर और बाहर सुतली बम फेंके गए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि यह घटना ऐसे समय पर हुई है, जब पूर्व विधायक संजीव सिंह सोमवार को धनबाद मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले हैं। इस हमले के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

