जमशेदपुर। जनसंघ काल से भारतीय जनता पार्टी को सींचने वाले एवं जमशेदपुर में भाजपा के आधार स्तंभ रहे वरिष्ठ नेता एवं जुगसलाई निवासी महेश चंद्र शर्मा का रविवार को पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जुगसलाई स्थित शिव घाट पर उनके बड़े पुत्र शशि भूषण जोशी ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान पूरा माहौल गमगीन था जहां बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। अंतिम संस्कार से पूर्व स्व. महेश चंद्र जोशी के पार्थिव शरीर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जुगसलाई मंडल अध्यक्ष हन्नु जैन समेत कई वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सम्मानपूर्वक पार्टी का ध्वज ओढ़ाकर श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने “महेश चंद्र शर्मा अमर रहें” के नारों के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी। स्व. महेश चंद्र शर्मा भारतीय जनता पार्टी के व्यापार प्रकोष्ठ एवं वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं सांसद प्रतिनिधि भी रहे। वहीं, उन्होंने विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में भी सक्रिय योगदान दिया। महेश चंद्र शर्मा के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत पुण्यात्मा के शांति की प्रार्थना की।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, राजीव सिंह, अनिल मोदी, जितेंद्र राय, कृष्णा शर्मा काली, सुरेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्व. महेश चंद्र शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी।

