Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

वार्षिकोत्सव में मॉडर्न इंग्लिश स्कूल के बच्चों ने प्रस्तुति से मन मोहा, सफल छात्र-छात्राओं को किया गया पुरस्कृत ओलंपियन हरभजन सिंह और अरुणा मिश्रा ने किया विद्यार्थियों को प्रेरित

जमशेदपुर।गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची के प्रबंधनाधीन मॉडर्न इंग्लिश स्कूल का वार्षिक समारोह हर्ष और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का दिल जीत लिया और सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा पूर्वी सिंहभूम जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष, पूर्व ओलंपियन हरभजन सिंह ने शिरकत की। उन्होंने छात्रों को खेल भावना और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर और वर्तमान में झारखंड पुलिस की पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अरुणा मिश्रा उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने प्रेरक अभिभाषण में बच्चों और शिक्षिकाओं को कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प तथा बहुआयामी विकास के लिए प्रोत्साहित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में साकची गुरुद्वारा के प्रधान सरदार निशान सिंह ने स्कूल के निरंतर विकास और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य पर अपनी बातें रखीं। महासचिव परमजीत सिंह काले तथा युवा नेता सतबीर सिंह सोमू ने भी अपने संबोधन में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति तथा शिक्षकों के अथक प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद छात्रों ने नृत्य, नाटक, गीत-संगीत तथा अन्य विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मंच को सजाया और उपस्थित अभिभावकों व अतिथियों को प्रभावित किया। स्कूल प्रबंधन ने शैक्षणिक उत्कृष्टता, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा खेलकूद में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

प्रधानाचार्या टी. शिवा कुमारी ने इस अवसर पर कहा कि यह वार्षिक समारोह छात्रों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें मंच प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। शिक्षकों के समर्पित प्रयासों तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग से ही बच्चों में बहुआयामी विकास संभव हो पा रहा है। समारोह का मंच संचालन तथा धन्यवाद ज्ञापन कुशलतापूर्वक शिक्षिका आर्ची ने किया। गुरुद्वारा कमिटी की ओर से प्रधान निशान सिंह, महासचिव परमजीत सिंह काले, सतबीर सिंह गोल्डू, अजायब सिंह, सुखविंदर सिंह निक्कू, जसबीर सिंह गाँधी, त्रिलोचन सिंह, सतपाल सिंह राजू, श्याम सिंह, राज कौर, गुरमीत कौर, कमलजीत कौर तथा सविंदर कौर सहित अन्य सदस्यों की उपस्थिति ने बच्चों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें प्रेरित किया।यह समारोह न केवल छात्रों की उपलब्धियों का जश्न था बल्कि शिक्षा, संस्कृति, खेल और अनुशासन के समन्वय का भी सुंदर उदाहरण साबित हुआ।

Related Post